Follow @ki_parakh खबर की परख: वीकेंड लॉकडाउन का ‘दिव्य ज्ञान’

Sunday, 19 July 2020

वीकेंड लॉकडाउन का ‘दिव्य ज्ञान’


लॉकडाउन का वीकेंड एडिशन

अनलॉक के बाद लॉकडाउन रिटर्न्स

Corona Virus

कोरोना बड़ी गंभीर बीमारी है, कहां से, किस रूप में शरीर के अंदर पहुंच जाए ये पता ही नहीं चलता। और तो और इसकी कोई दवा या वैक्सीन भी अबतक नहीं बनी है। यही सुन-सुनकर मार्च से जून तक का समय निकाल लिया। काम-धंधा सब बंद, घर से निकलना बंद। जनता कर्फ्यू से लेकर लॉकडाउन के चार फेज देख लिए। फिर आया जुलाई का महीना, जिसमें दिव्य ज्ञान की प्राप्ति हुई। अब सिर्फ मैं ही अकेला भाग्यशाली क्यों रहूं। सो थोड़ा ज्ञान का रस आप भी लीजिए।  

Corona Lockdown

क्या आपको पता है कि जिस कोरोना वायरस से डर-डरकर आपने तीन महीने बिताए, वो कोरोना सिर्फ सैटरडे और संडे को ही लोगों को अपना शिकार बनाता है। हमारे यूपी में कोरोना सोमवार से लेकर शुक्रवार तक आराम करता है। हफ्ते के पांच दिन उसकी मजाल ही नहीं है कि वो आपके पास भी फटके। लेकिन शुक्रवार की रात गहराते ही वो शहंशाह स्टाइल में अंधेरी रातों में सुनसान राहों परनिकल पड़ता है। फिर तो शनिवार और रविवार को कोरोना का राज चलता है। भई वायरस विदेशी है तो उसका वर्क फंडा भी थोड़ा अलग होगा ना। आप कहेंगे कि ये क्या मजाक है! मैं भला क्यों मजाक करूंगा। हमारे उत्तर प्रदेश में कोरोना का वर्क स्टाइल यही है।

Corona

पिछले हफ्ते जब हमारे सीएम साहब योगी जी की सरकार ने मिनी लॉकडाउन का ऐलान किया तो दिमाग मानो घूम गया। रोज-रोज कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, खतरा बढ़ रहा है लेकिन सरकार दो कदम आगे एक कदम पीछे के फॉर्मूले को हथियार बनाकर लड़ रही है। सरकार ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए ये फैसला लिया गया है। अब यूपी में हर हफ्ते शनिवार, रविवार को बाजार, हाट, सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे लेकिन गांवों में कारखाने खुले रहेंगे, हाईवे और एक्सप्रेसवे जैसे बड़े कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट चलते रहेंगे। और तो और माल ढोने वाली गाड़ियां भी चलेंगी और उनके लिए हाईवे पर ढाबे भी खुले रहेंगे। यूपी सरकार के वीकेंड लॉकडाउन में मंदिर-मस्जिद और बाकी धार्मिक स्थल भी खुले रहेंगे। कहने का मतलब ये हुआ कि इन जगहों पर वीकेंड में भी कोरोना आपका बाल बांका नहीं कर पाएगा। ऐसा दिव्य ज्ञान तो सदियों में एक बार ही मिलता है।


No comments:

Post a Comment

चुनाव अमेरिका में और पासे चले जा रहे हैं रूस-चीन में

  2020 के बाद अमेरिका को कौन चलाएगा ? अमेरिका तो अपना राष्ट्रपति तक अपनी पसंद से नहीं चुन सकता है ! पुतिन साहब चाहते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप दो...